Sunday, December 25, 2011

सतीशचंद्र की पुण्यतिथि पर कई कार्यक्रम

गैर सरकारी संगठन रणधीर वर्मा मेमोरियल सोसाइटी के अध्यक्ष तथा झारखंड के वयोवृद्ध साहित्यकार व पत्रकार सतीशचंद्र की पहली पुण्यतिथि (25 फरवरी 2012)के अवसर पर धनबाद में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर उनके नाम पर उदीयमान पत्रकारों को पुरस्कार शुरू करने की रूपरेखा तय की जाएगी।
सतीश बाबू ने 1947 में झारखंड की धरती पर कदम रखा था। तब से वह लगातार देश औऱ प्रदेश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं से जुड़े रहे। उन्होंने 'इंडियन नेशन' और 'आर्यावर्त' अखबारों में नौकरी की और धनबाद में 'आवाज' नामक साप्ताहिक अखबार निकाल रहे ब्रह्मदेव सिंह शर्मा के साथ मिलकर उसे दैनिक अखबार का स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने सन् 1982 में 'आवाज' से अलग होकर 'जनमत' नामक दैनिक अखबार निकाला। 50 वर्षों के पत्रकारीय जीवन में उन्होंने देश के शायद ही किसी पत्र-पत्रिका में न लिखा हो।
उनका मजदूर आंदोलन से भी नजदीकी रिश्ता था। कांतिभाई मेहता के साथ काफी काम किया। उनकी साहित्यिक कृतियों में कोयला मजदूरों की जिंदगी पर अनुसंधानपरक और मार्मिक उपन्यास 'वन पाथर' तथा 'काली माटी' को खूब सराहा गया। इन सभी कृतियों का प्रकाशन जनमत प्रकाशन ने किया था, जिसकी स्थापना खुद सतीश बाबू ने की थी। कलम से उनका नाता अंत-अंत तक बन रहा।

1 comment:

Learn Digital Marketing said...

Awesome work.Just wanted to drop a comment and say I am new to your blog and really like what I am reading.Thanks for the share