नई दिल्ली। राजधानी के स्कूली छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ कमाई के बेहतर विकल्प मुहैया कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम अब विस्तार की ओर है। पहले ही वर्ष में 12वीं के 4,004 छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल कर प्रोग्राम की लोकप्रियता को दिखा दिया है। अब शिक्षा निदेशालय इसे 11वीं में भी शुरू करने जा रहा है। शिक्षा निदेशक की मानें तो अब छात्रों को 11वीं में बेसिक तो 12वीं में एडवांस कोर्स उपलब्ध करा प्रोफेशनल बनाया जाएगा।
शिक्षा निदेशक पी.कृष्णमूर्ति के हवाले से दैनिक भास्कर में प्रकाशित रपट के मुताबिक वर्ष 2009 में 12वीं की बोर्ड परीक्षा के बाद छात्रों को श्रम और रोजगार मंत्रालय के सहयोग से रिटेल, ऑटोमोबाइल, ट्रेवल एंड टिकटिंग, गारमेंट, ब्यूटीशियन और आईसीटी के क्षेत्र में नेशनल सर्टिफिकेट कोर्स कराया गया। इसमें विभिन्न कोर्सों के लिए 4,123 छात्र-छात्राएं परीक्षा में बैठे थे और 4,004 ने सफलता हासिल की। शिक्षा निदेशक ने बताया कि गर्मियों की छुट्टियों में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए विभिन्न केन्द्रों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। औपचारिक टेस्ट के माध्यम से ज्ञान का मूल्याकंन किया गया और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को श्रम और रोजगार मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय माडच्यूलर रोजगारपूरक कौशल प्रमाण-पत्र भी मिला।
शिक्षा निदेशक ने बताया कि 2010 में इसे 11वीं के छात्रों के लिए भी शुरू किया जा रहा है। निदेशालय का मानना है कि 12वीं में इस कोर्स को कराने पर छात्रों के ज्ञान में उस स्तर का इजाफा नहीं होता है, जो उन्हें मार्केट में बेहतर ढंग से स्थापित कर सके। बस इसी बात को ध्यान में रखते हुए 2010 से 11वीं में बेसिक और 12वीं में एडवांस कोर्स कराया जाएगा ताकि छात्र छात्र न सिर्फ सम्बंधित क्षेत्र में निपुण बनें बल्कि अच्छी नौकरी भी पा सकें। इस वर्ष कोर्सो की संख्या में भी इजाफा किया जा सकता है, ताकि छात्रों के पास विकल्पों की कमी न रहे।
No comments:
Post a Comment